रेल रोकाे अभियान: किसानों ने जगह-जगह रोकीं ट्रेनें, जगह-जगह फंसे रेल यात्री

रेल रोकाे अभियान: किसानों ने जगह-जगह रोकीं ट्रेनें, जगह-जगह फंसे रेल यात्री

तीन कृषि कानून के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा आह्वान पर किसानों ने रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोककर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा और भारतीय किसान यूनियन की युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू के नेतृत्व में दर्जनों किसान आज भारी बरसात के बावजूद काशीपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित किसानों ने काशीपुर से बरेली जाने वाली ट्रैन संख्या 05352 को प्लेटफार्म नम्बर 3 पर रोक दिया।

इस दौरान आक्रोशित किसानों  ने  ट्रेन के आगे बैठकर नारेबाजी की। इस दौरान आक्रोशित अन्नदाताओं ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टैनी को केन्द्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। इसके चलते भारी संख्या में यात्री ट्रेन चलने की उम्मीद पर प्लेटफार्म पर ही भटकते रहे। काफी समय बीतने के बाद भी किसानों के नहीं उठने पर यात्री मायूस होकर अन्य साधनों से अपने गंतव्य को रवाना हो गए।

इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा  ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर एक साल से परेशान किसानों के हक में यह निर्णय लिया गया है। हमें यात्रियों को परेशान करने का कोई शौक नहीं है। यात्रियों को केवल कुछ ही घंटों की परेशानी से दो-चार होना पड़ रहा है जबकि अन्नदाता पूरे 1 साल से केंद्र सरकार के द्वारा जारी काले कृषि कानून वापस लेने के लिए परेशान हो रहा है।

News Desh Duniya