नगर कीर्तन मे गुरुबानी से गूंज उठी द्रोण नगरी

नगर कीर्तन मे गुरुबानी से गूंज उठी द्रोण नगरी

श्री गुरु गोविंद सिंह के 356वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, आढ़त बाजार के तत्वावधान में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। करनपुर से शुरू हुआ नगर कीर्तन दून के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान गुरुबानी गायन से द्रोण नगरी गूंज उठी।

गुरुद्वारा करनपुर में अरदास के पश्चात श्री गुरुग्रंथ साहिब जी को पंज प्यारों की अगुआई में सुंदर फूलों से सजी पालकी में विराजमान कर नगर कीर्तन शुरू किया गया। नगर कीर्तन सर्वे चौक, क्वालिटी चौक, गांधी पार्क, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला बाजार, लक्खी बाग पुलिस चौकी से होते हुए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में संपन्न हुआ। इस मौके पर सभा के अध्यक्ष गुरबक्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगमिंदर सिंह छाबड़ा, उपाध्यक्ष चरणजीत सिंह, अमरजीत सिंह छाबड़ा, सतनाम सिंह आदि मौजूद रहे।

गतका पार्टियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
नगर कीर्तन के दौरान गतका पार्टियों के हैरतअंगेज करतब देख लोग हैरान नजर आए। पंज प्यारों की भेषभूषा में सजे स्कूली बच्चे, जगह-जगह लगे जलपान के स्टॉल, नगर कीर्तन की पुष्प वर्षा आदि भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
29 दिसंबर को रेसकोर्स में मनाया जाएगा प्रकाश पर्व
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, आढ़त बाजार के महासचिव गुलजार सिंह ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व 29 दिसंबर को गुरुद्वारा रेसकोर्स के खुले पंडाल में सुबह चार बजे से दोपहर तीन बजे तक कथा-कीर्तन के रूप में मनाया जाएगा। दीवान शाम छह बजे से रात 10 बजे तक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आढ़त बाजार में सजेगा।

News Desh Duniya