सीएम बोले, गौरीकुंड से रामबाड़ा-चौमासी-कालीमठ मोटर मार्ग बनेगा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ धाम के बाद सिद्धपीठ कालीमठ में पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और चहुंमखी विकास के लिए प्रार्थना की। साथ ही यहां के विकास के लिए कई घोषणाएं भी की। इससे पहले कालीमठ पहुंचने पर जन प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का ढोल-नगाड़ों व फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
केदारनाथ से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सीधे सिद्धपीठ कालीमठ पहुंचे। यहां मां काली के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है। जो संकल्प लिए गए हैं उन्हीं के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। कहा कि विकास कार्यों में सभी का सहयोग जरूरी है, तभी वह कार्य सफलता पूर्वक पूरा हो सकता है। कहा कि देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक नई कार्य संस्कृति व कार्य व्यवहार देश के अंदर आया है। जिसके लिए सभी को नई प्रेरणा मिल रही है तथा चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ में चल रहे निर्माण कार्यों का उनके द्वारा निरंतर जानकारी ली जा रही है, जिसमें शंकराचार्य की समाधि, आस्था पथ, बनाए जा रहे काम्पलैक्स, चिकित्सालय, सभा स्थल आदि के संबंध में पूरी जानकारी ली जा रही है। सीएम ने कहा कि हमने संकल्प लिया था कि नई सरकार के गठन के बाद उत्तराखंड में समान नागरिकता कानून लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि भारत माला श्रृंखला में हर क्षेत्र को सड़क मार्ग से जोड़ा जा रहा है तथा ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन का कार्य बड़ी तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा ऐतिहासिक होने वाली है जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है साथ ही उनके साथ अतिथि देवो भवः के तहत उनका आदर और सत्कार करें। यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि पर्यटन हमारी आजीविका का प्रमुख साधन हैं इससे सभी को लाभ प्राप्त होता है इसलिए पर्यटक के लिए क्वालिटी पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इस मौके पर केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने मुख्यमंत्री के उनकी विधान सभा क्षेत्र में आगमन पर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उन्होंने सीएम को क्षेत्र की कई समस्याओं के बारे में अवगत कराया साथ ही उन्हें पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने आपदा के दंश को झेला है जिसके लिए उन्होंने यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।