Uttarakhand Election Result 2022:गढ़वाल में लहराया भाजपा का परचम, 87 फीसदी सीटों में जीत;एसडीसी रिपोर्ट में खुलासा

Uttarakhand Election Result 2022: भाजपा को सर्वाधिक सफलता उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र मे मिली है, जहां भाजपा 87 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रही। दूसरी तरफ कांग्रेस सम्मानजनक जीत सिर्फ हरिद्वार और यूएसनगर के मैदानी जिलों में ही दर्ज कर पाई है।
एसडीसी फाउंडेशन की तरफ से चुनाव परिणामों पर फैक्टशीट जारी करते हुए अध्यक्ष अनूप नौटियाल ने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन गढ़वाल के पहाड़ी जिलों में शानदार रहा है। हरिद्वार जिले की सीटों को छोड़कर गढ़वाल के शेष जिलों की कुल 30 सीटों में से भाजपा ने 87 प्रतिशत की दर से 26 सीट पर सफलता हासिल की है।
कांग्रेस यहां सिर्फ 10 प्रतिशत की दर से तीन सीटें ही जीत पाई। जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में आई है। दूसरी तरफ कुमाउं के पहाड़ी जिलों में भाजपा ने 70 प्रतिशत की दर से 20 में से 14 सीटें जीती हैं। जबकि यहां कांग्रेस की सफलता दर 30 प्रतिशत रही, पार्टी के खाते में यहां कुल छह सीटें आई हैं।
नौटियाल के मुताबिक कांग्रेस का प्रदर्शन सिर्फ हरिद्वार और यूएसनगर जिले में ही बेहतर रहा। इन मैदानी जिलों में कांग्रेस ने 20 में से दस सीटों पर जीत दर्ज करते हुए, अपनी सफलता दर को पचास प्रतिशत के सम्मानजनक स्तर पर पहुंचाने में कामयाबी हासिल की। इसके विपरीत भाजपा यहां सिर्फ 35 प्रतिशत की दर से जीत पाई है। जबकि एक सीट निर्दलीय के खाते में आई है। पूरे प्रदेश स्तर पर देखों तो भाजपा को 67 और कांग्रेस 27 प्रतिशत सीटों पर सफलता मिली है।